जिला अस्पताल की ओपीडी में बिना मास्क लगाए बैठे मरीज
- फोटो : Agra City
आगरा। कोरोना वायरस की तीसरी लहर को देखते हुए जिला अस्पताल में तय किए गए नियमों का पहले दिन शुक्रवार को ही पालन नहीं किया गया। न इन नियमों के पालन के लिए सख्ती ही दिखी। ओपीडी, वार्ड में बिना मास्क के तीमारदार और मरीज मिले। प्रवेश द्वार पर बनी हेल्प डेस्क पर दोपहर एक बजे के करीब कोई मौजूद नहीं था।
जिला अस्पताल प्रशासन ने बृहस्पतिवार को बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश नहीं देने के निर्देश जारी किए थे। प्रमुख अधीक्षक ने कहा था कि मास्क और सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए गार्डों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. एके अग्रवाल का कहना रहा कि हेल्प डेस्क से गैरहाजिर कर्मचारियों को नोटिस देकर कारण पूछा है। गार्ड से बिना मास्क के प्रवेश को सख्ती से लागू कराने के लिए कहा है। इमरजेंसी हालात में अस्पताल खुद मास्क उपलब्ध कराता है।
कर्मचारी गैरहाजिर, मरीज भटक रहे
जिला अस्पताल में कोविड हेल्प डेस्क बनाई है। यहां पर मरीज और तीमारदारों को जांच कराने, टीकाकरण, इलाज समेत अन्य जानकारी देने के लिए कर्मचारी नियुक्त किए हैं। दोपहर में यहां कोई नही था। मरीज-तीमारदार परेशान हो रहे थे।
कई नहीं लगाए मास्क, वार्ड में भी बैठे हुए
मास्क की अनिवार्यता का नियम सख्ती से लागू नहीं किया। ओपीडी की लाइन और वार्ड में बिना मास्क के ही मरीज और तीमारदार मिले। तीमारदारों के वेटिंग हॉल और दवा काउंटर पर भी बिना मास्क के लोग पहुंचे।