ग्वालियर-आगरा हाईवे पर सेवला जाट के पास सोमवार सुबह दो किशोर और एक बालक को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों किशोर की मौत हो गई, जबकि बालक गंभीर घायल है। लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है।
सदर क्षेत्र के नैनाना ब्राह्मण में रहने वाले संदीप (14) पुत्र राजेंद्र, भानू (15) पुत्र नरायन सिंह, मोहित कुशवाहा (11) पुत्र पप्पू कुशवाहा, नीरज और राजू पुत्रगण दौजीराम, अजय पुत्र लौहरे रोजाना सुबह दौड़ लगाने जाते थे।
सोमवार को भी तड़के 4:30 बजे घर से निकले थे। सभी सेवला के पास दौड़ लगाते हुए डिवाइडर से सड़क पर कूद गए। इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आती ईको कार ने संदीप, भानू और मोहित को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों के सिर में चोट लगी।