मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल। इनसेट में मृतक जयचंद्र
- फोटो : अमर उजाला
जसराना थाना क्षेत्र के कुक्कू ढाबा के पास आल्टो कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। जहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के लिए ले जाते समय एक घायल ने दम तोड़ दिया।
थाना जसराना के गांव मोहम्मदपुर निवासी ओमप्रकाश और जयचंद्र स्कूटी से जसराना आ रहे थे। कुक्कू ढाबे के पास पीछे से आल्टो कार ने टक्कर मार दी। दोनों स्कूटी सवार दूर तक घिसटते चले गए। कार चालक फरार हो गया। सूचना पर पुलिस और परिवारीजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जसराना के सामुदायिक स्वास्थय केंद्र पर भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उपचार के लिए जाते जयचंद (50) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि ओमप्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है। जयचंद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई हरीश्चंद्र ने तहरीर दी है। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर शव पीएम के लिए भेजा है।