सैंया। आगरा-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना सैंया क्षेत्र के अंतर्गत बीरई चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
धौलपुर निवासी कृष्णा देवी अपनी कार से टूंडला की ओर जा रही थीं। रात करीब 11:30 बजे सैंया क्षेत्र के बीरई चौराहे के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय राहगीरों और पुलिस की मदद से 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंया ले जाया गया। डॉक्टरों ने महिला की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया।