कासगंज के सोरों गेट बाजार में कार की टक्कर से टूटा विद्युत पोल व लगा जाम
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर के सोरों गेट बाजार हनुमान मंदिर के निकट मंगलवार की देर रात अनियंत्रित कार की टक्कर से बिजली के खंभे के दो टुकड़े हो गए। हादसे के बाद हाईटेंशन लाइन सहित 440 की लाइन जमीन पर आ गई, जिससे बाजार का मार्ग 8 घंटे तक बाधित रहा। वहीं 12 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। बिजली विभाग ने कार के स्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
घटना रात लगभग 3:30 बजे की है। कार बारहद्वारी की ओर से आ रही थी। कार अनियंत्रित होकर हनुमान मंदिर के निकट लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर काफी तेज लगी, जिससे खंभे के दो टुकडे़ हो गए। इससे हाईटेंशन लाइन व 440 की लाइन भी नीचे आ गिरी। गनीमत यह रही की ये तार कार के ऊपर न गिरकर सड़क पर गिरे। टक्कर लगने से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे में किसी को चोट नहीं आई। कार में सवार लोग कार को छोड़कर भाग गए।
हादसे के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सड़क पर खंभा व तार गिरे होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। बिजली विभाग के कर्मी दोपहर 12 बजे के आसपास मौके पर पहुंचे। इसके बाद खंभा व लाइन को हटाया गया। लगभग 8 घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा। बिजली विभाग ने टूटे खंभे के स्थान पर नया खंभा लगाकर बिजली आपूर्ति को बहाल कराया। लगभग 12 घंटे के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। विभाग ने गाड़ी के नंबर के आधार पर कार स्वामी का पता कराया। जिसमें कार स्वामी का नाम पुनीत सामने आया। विभाग के जेई शैलेंद्र कुमार ने उसको नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। हादसे में विभाग को 60 हजार की क्षति का अनुमान है। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।