रविवार सुबह 5 बजे जब ग्रामीण टहलने निकले, तो उनकी नजर एटीएम बूथ के टूटे ताले टूटे व खुले शटर पर पड़ी। एटीएम क्षतिग्रस्त देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी इंस्पेक्टर इरादत नगर को दी। मौके पर सीओ खेरागढ़ भरत पांडेय, इंस्पेक्टर गौरव सबरवाल फोर्स के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता तथा बैंक मैनेजर नीरज सिंघल भी आ गए। पुलिस अफसरों ने सीसीटीवी फुटेज देखी।
एक घंटा 35 मिनट तक बूथ में रहे बदमाश
एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज देखी गई है। फुटेज के मुताबिक 12.40 मिनट पर बदमाश यहां पहुंचे हैं और बूथ से वे 2:15 मिनट पर बाहर निकले हैं। इस तरह से बदमाशों ने एक घंटे 35 मिनट तक लूट की कोशिश की लेकिन वह कैश नहीं ले जा सके।
उन्होंने बताया कि शटर के ताले तोड़ने के बाद दो बदमाश भीतर घुसे हैं। बदमाशों ने एटीएम काटने, तोड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। वे कैश ट्रे तक नहीं पहुंच पाए। बैंक मैनेजर नीरज सिंघल ने बताया कि एटीएम से कैश नहीं गया है। पर, बदमाशों ने एटीएम को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है।
15 फरवरी की इसी शाखा में दिनदहाड़े हुई थी लूट
15 फरवरी 2021 को इसी बैंक शाखा में दिनदहाड़े मुकेश ठाकुर गैंग के बदमाशों ने फायरिंग कर करीब साढ़े 6 लाख रुपये लूटे थे। तब गेट के बाहर बैठे होमगार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी, तो बदमाशों ने फायरिंग कर बैंक के कर्मचारी, ग्राहक तथा होमगार्ड सहित आठ लोगों को बंधक बना लिया था। बाद में वारदात में शामिल बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस घटना के बाद अब यहां बदमाशों ने एटीएम लूटने की कोशिश की।
बैंक परिसर में नहीं है रात का सुरक्षाकर्मी
खेड़िया स्थित केनरा बैंक की यह शाखा सुनसान स्थान पर स्थित है। ग्रामीणों ने बताया कि जब बैंक खुली रहती है, तो होमगार्ड की ड्यूटी रहती है। बैंक बंद होने के बाद यहां कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं रहता।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि सुरक्षाकर्मी के बारे में बैंक अफसरों से पूछताछ की गई, तो पता चला कि फरवरी में हुई लूट की घटना के बाद तीन महीने तक अस्थायी सुरक्षाकर्मी रखा गया था। बाद में उसे भी हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि बैंक एवं पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर सशस्त्र सुरक्षाकर्मी की तैनाती की जाएगी। ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो ।