डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ चुनाव की घोषणा के बाद दावेदारों ने सोशल मीडिया और कैंपस में प्रचार तेज कर दिया है। 25 जून से नामांकन शुरू होंगे, जबकि 15 जुलाई को मतदान होगा। संविदा कर्मचारी वोट डाल सकेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ चुनाव की घोषणा के साथ दावेदार ताल ठोकने लगे हैं। नामांकन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होनी है। इससे पहले ही सोशल मीडिया के साथ सीटों पर पहुंचकर कर्मचारियों से समर्थन जुटाया जा रहा है। कोई भी दावेदार एक पद के लिए ही आवेदन कर सकेगा।
विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ का चुनाव 15 जुलाई को होगा। नामांकन की तिथि 25 व 27 जून घोषित की गई है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ दावेदारों ने पालीवाल पार्क व खंदारी कैंपस में प्रचार शुरू कर दिया है। हर कोई अपनी-अपनी जीत का भरोसा मतदाताओं को दिलाने में लगा हुआ है। कई दावेदारों ने सोशल मीडिया पर वोट की अपील के मैसेज और पोस्टर अपलोड करना शुरू कर दिए हैं।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष व सह-सचिव पद पर चुनाव होगा। नियम के हिसाब से कोई भी प्रत्याशी एक पद पर ही दावा कर सकता है। चुनाव प्रभारी प्रो.ब्रजेश रावत ने बताया कि चुनाव के नियमों की जानकारी कर्मचारियों की दे दी गई है। मतदाता सूची भी फाइनल हो गई है।
संविदा कर्मचारी नहीं लड़ सकेंगे चुनाव
चुनाव में संविदा कर्मचारी भाग लेंगे लेकिन किसी पद पर दावेदारी नहीं कर सकेंगे। विश्वविद्यालय नियमों के हिसाब से संविदा कर्मचारियों को वोट डालने का अधिकार है। कई संविदा कर्मचारी चुनाव प्रभारी से दावेदारी की जानकारी करने में लगे हुए हैं।