नागरिकता कानून पर अन्य शहरों में बवाल के कारण रोडवेज बस सेवा पर काफी असर पड़ा है। बसें निरस्त की जा रही हैं। शनिवार को भी आईएसबीटी से कानपुर जाने वाली दो एसी बसों को निरस्त कर दिया गया।
शहर में इंटरनेट सेवा बंद होने से ऑनलाइन बुकिंग गुरुवार की रात से बंद है। लोगों ने टिकट निरस्त की है लेकिन टिकट निरस्तीकरण की राशि नहीं मिल पा रही। लोग आईएसबीटी के चक्कर काट रहे हैं।
ऑनलाइन बुकिंग की जिम्मेदारी संभाल रही ट्राइमैक्स कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि बुकिंग करा चुके लोगों ने निरस्तीकरण करा दिया लेकिन पैसे का रिफंड नहीं हो पा रहा। क्योंकि बसें ऑनलाइन निरस्त नहीं हो पा रहीं। ऐसे में टिकट रिफंड का पैसा मुख्यालय से बातचीत करने के बाद ही दिया जा सकेगा।
बवाल से प्रभावित जिलों के लिए बसों में शनिवार को भी कटौती की गई। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण भी बसों को निरस्त किया जा रहा है। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे की कानपुर जाने वाली बस में महज पांच सवारियां ही पहुंचीं, ऐसे में बस को निरस्त करना पड़ा।
शाम छह बजे वाली बस को भी निरस्त करना पड़ा। अलीगढ़, मेरठ, फिरोजाबाद की ओर जाने वाली बसों को हाईवे से ही निकालने के निर्देश हैं। आईएसबीटी से प्रतिदिन 27 बसों का संचालन किया जाता है।