आगरा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के बाद भी शहर में सितारा होटल और रेस्तरां कोयले से भट्ठी और तंदूर चला रहे हैं। नगर निगम टास्कफोर्स ने बुधवार को भी ऐसे सितारा होटलों और कैफे पर कार्रवाई की। टीम ने सेंट होटल में कोयले की भट्ठी का इस्तेमाल पाए जाने पर 10 हजार रुपये, रोमियो लाइन कैफे पर 20 हजार रुपये तथा द रिट्रीट होटल में तंदूर का इस्तेमाल किए जाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि होटल, रेस्तरां में चोरी-छिपे कोयला जलाया जा रहा है। टीम ने कार्रवाई में भट्ठी में कोयला जलते हुए पाया है। प्रदूषण बढ़ाने के साथ यह एनजीटी के आदेश का उल्लंघन है। तीनों पर कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर वसूला गया है। इन प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी गई है कि नियमों के विपरीत कोयला संचालित भट्ठी का प्रयोग मिलता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने टीम को निर्देश दिए कि कोयला जलाने वाली इकाइयों पर लगातार कार्रवाई जारी रखें।