प्रवेश, परीक्षा और परिणाम में फिसड्डी डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय पर 65 कालेजों का और बोझ बढ़ेगा। आगामी सत्र से विश्वविद्यालय 65 नए कालेजों को संबद्धता प्रदान करेगा। 30 पुराने कालेजों में नए कोर्स संचालित करने की संस्तुति की गई है।
विश्वविद्यालय से 623 कालेज संबद्ध हैं। इनमें करीब साढ़े छह लाख विद्यार्थी हैं। बीते एक दशक से यहां सत्र पिछड़ा हुआ है। 2014-15 के शैक्षणिक सत्र की बात करें तो अभी तक छात्रों के हाथों में मार्कशीट नहीं पहुंची। बीएएलएलबी, एलएलबी जैसे कोर्स तो दो सेशन लेट चल रहे हैं। 65 कालेजों में शैक्षणिक सत्र संचालन का जिम्मा बढ़ने से व्यवस्थाओं के और चौपट होने की आशंका है। संबद्धता विभाग प्रभारी डिप्टी रजिस्ट्रार विश्वेश्वर प्रसाद ने बताया कि संबद्धता समिति ने 65 कालेजों को संबद्धता देने की संस्तुति की है।
सर्वाधिक बीएड कालेज
नए कालेजों में करीब 35 बीएड के बताए जा रहे हैं। वैसे अभी 218 बीएड कालेज विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। बीएड के प्रति छात्रों में रुझान कम होने के चलते बीते कुछ सेशन से 30-40 फीसदी सीटें ही भर सकीं।
सीमित हैं कर्मचारी
विश्वविद्यालय में 100 संविदाकर्मियों समेत करीब साढ़े छह सौ कर्मचारी कार्यरत हैं। कालेज और नए पाठ्यक्रम बढ़ने से कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ेगा। पहले से डिग्री, माइग्रेशन, सत्यापन जैसे कार्य बुरी तरह से प्रभावित हैं। कालेज बढ़ने पर ये कार्य और प्रभावित होंगे।