सुरक्षा के लिए प्रयोग किए जा रहे मास्क ही आगरा के सराफा कारोबारियों की परेशानी का सबब बन गए हैं। चिंता है कि ये बाजार की सुरक्षा में सेंध न लगा दें। इसके लिए आगरा सराफा एसोसिएशन ने निर्देश जारी किए हैं कि दुकान में मास्क पहनकर आए व्यक्ति को क्षण भर के लिए मास्क उतारने को कहा जाए।
जिससे उसका चेहरा सीसीटीवी में कैद हो जाए। अगर व्यक्ति अपरिचित है, तो तत्काल उसे बताकर उसका फोटो अवश्य खींच लें। जब तक करोना का कहर चले, तब तक एक आगंतुक रजिस्टर अवश्य बनाकर रखें।
बाजार की सुरक्षा भी चिंता का विषय
आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए मास्क जरूरी है। मगर, बाजार की सुरक्षा भी चिंता का विषय है। इसलिए संस्था के सदस्यों को निर्देश जारी किए हैं।
नमक मंडी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मेहरा ने कहा कि हम दुकान पर आए व्यक्ति को कुछ देर के लिए मास्क उतारने के लिए कहेंगे। जिससे सीसीटीवी में चेहरा आ जाए।