लखनऊ से राजस्थान को सीमेंट लेने जा रही मालगाड़ी मथुरा अछनेरा सेक्सन में सांड़ के टकराने के बाद डिरेल हो गई। घटना में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना में 150 मीटर पटरी क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं आगरा से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन चार घंटे तक खड़ी रही।
एमटीबीसीएम मालगाड़ी लखनऊ से सीमेंट खाली कर कानपुर, मथुरा, अछनेरा भरतपुर के रास्ते राजस्थान में सीमेंट कंपनी से सीमेंट लेने जा रही थी। रविवार शाम पांच बजे मालगाड़ी मथुरा जंक्शन से अछनेरा जाने के दौरान बिरजापुर गांव के निकट एक सांड़ मालगाड़ी के इंजन से टकरा गया।
थोड़ी देर बाद सांड़ फिर से भागा और 20 डिब्बे निकलने के बाद फिर डिब्बे से टकरा गया। घटना में दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे 150 मीटर हिस्से में 50 से अधिक स्लीपर टूट क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर परिचालन अधिकारी, पीडब्लूआई श्याम कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सीबी प्रसाद मेंटीनेंस वेन लेकर मौके पर पहुंच गए।