बुलंदशहर से सवारियां लेकर रायबरेली जा रही बस की सामने से आ रहे ट्रक से टकराई गई। हादसे में 20 से अधिक सवारियां घायल हो गईं। हादसा मैनपुरी के बिछवां क्षेत्र में जीटी रोड पर हुआ। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
बुलंदशहर में आयोजित इज्तेमा में शामिल होने के बाद करीब 45 लोग बॉल्बो बस से रायबरेली जा रहे थे। मंगलवार दोपहर बस जब थाना क्षेत्र में जीटी पर पहुंची, तभी भोगांव की ओर जा रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिन एक दूसरे के वाहन में सट गए।
हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकाला वहीं सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना पर सीओ सिटी राकेश पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को अलग किया गया।
हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में बस में सवार करीब बीस से अधिक यात्री घायल हो गए। घायल होने वालों में चालक संदीप निवासी गांव सुनौरा थाना भोगांव, सुलेमान, इरफान, शफी, मसूद, जीशान, गुड्डू, मोहम्मद सिद्दीकी, हाफिज खान, मसूद, जीशान पुत्र शकील मोहम्मद, गुलफाम, इस्लाम, कल्लू खान, मोहम्मद सुलेमान, अरबाज, इमान सुलेमान, अब्दुल इदरीश निवासीगण रायबरेली शामिल हैं।
बॉल्वो बस और ट्रक की भिड़ंत के बाद जीटी रोड पर करीब दो घंटा तक जाम के हालत रहे। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को मार्ग से हटवाया गया। इसके बाद मार्ग का आवागमन सुचारू हो सका।