आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के इंटीग्रेटेड प्लान के पहले चरण में सात भवन बन रहे हैं। इनका बजट करीब 600 करोड़ रुपये है। अगले डेढ़ साल में ये तैयार हो जाएंगे। शासन ने इसकी अपडेट रिपोर्ट मांगी है। इससे मरीजों को गंभीर रोगों का इलाज, जांच और ऑपरेशन के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
इंटीग्रेटेड प्लान दो चरणों में पूरा हो रहा है। पहले चरण में इमरजेंसी एंड ट्रामा सेंटर, सर्जिकल एलाइड ब्लॉक, मेडिसिन एलाइड ब्लॉक और क्रिटिकल केयर ब्लॉक बन रहा है। इनमें 900 बेड होंगे। इससे दुर्घटना में घायल, ब्रेन हेमरेज, हड्डी टूटने, पेट रोग, किडनी रोग, मूत्र रोग समेत अन्य तरह की गंभीर बीमारियों की जांच, इलाज और सर्जरी हो सकेगी।
ये परियोजनाएं 15 से 18 महीने में पूरी हो जाएंगी। इनमें एडवांस ऑपरेशन थिएटर, लैब और जांच की अन्य सुविधाएं भी होंगी। एंटी बैक्टीरियल वार्ड भी बनेंगे। इसमें सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में क्लीनिकल और नॉन क्लीनिकल के लिए भवन बन रहे हैं। इनके बनने से इमरजेंसी सेवा और अन्य गंभीर रोगों के इलाज की बेहतर सुविधा हो जाएगी।
हॉस्टल, स्पोर्ट्स ब्लॉक भी बन रहा
- पहले चरण में नॉन क्लीनिकल ब्लॉक भी बन रहे हैं। इसमें छात्रों की पढ़ाई के लिए एकेडमिक ब्लॉक बनेगा। इसमें लेक्चर थिएटर, सेमिनार हॉल समेत अन्य की सुविधा होगी। नया पुस्तकालय भी बनेगा। इसमें पुस्तकों की संख्या बढ़ेगी, कंप्यूटर और ई-लाइब्रेरी की भी सुविधा होगी। प्रशासनिक ब्लॉक में अस्पातल-मेडिकल कॉलेज के सभी विभाग इसी में स्थापित होंगे। छात्रों और शिक्षकों के लिए स्पोर्ट्स ब्लॉक भी बनेगा। इसमें जिम, इनडोर खेलकूद की व्यवस्था होगी।