- भाजपा ने बताया विकास का रोडमैप तो सपा ने कहा चुनावी बजट
बाह। उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने के लिए 400 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। इस फैसले को वंशिका, नंदनी, खुशी, तनु और अंजली आदि छात्राओं ने उच्च शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाने वाला कदम बताते हुए सराहना की है। वहीं, मुख्यमंत्री सुरक्षा संकल्प योजना के तहत कौशल संवर्धन और बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये के प्रावधान को महिलाओं ने सराहा है। माया देवी, उर्मिला देवी, संगीता, ललिता, मिथलेश और ममता ने कहा कि इससे उनकी रोजगार क्षमता और आर्थिक सुरक्षा बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश के बजट पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं अलग रही हैं। भाजपा के जिलामंत्री मानवेंद्र सिंह राठौड़, रामवरन कुशवाह, श्याम शर्मा, पुलकित भदौरिया, श्यामवीर ठाकुर और देवेंद्र सिंह चौहान ने इसे विकास और तरक्की का रोडमैप बताया। उनका मानना है कि इस बजट से गांव, गरीब और किसान की तरक्की होगी। वहीं, विपक्षी दल सपा के सुधीर दुबे, राजेश यादव, मोनू अहीर, रमेश यादव और आदिल वेग मिर्जा ने इसे चुनावी बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि इसमें गांव, गरीब और किसान की झोली खाली रह गई है और विकास के केवल सपने दिखाए गए हैं।