मैनपुरी। बीएसए दीपिका गुप्ता ने पूर्व में जिले के संकुल शिक्षक पद से इस्तीफा देने वाले सभी शिक्षकों का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। बीएसए दीपिका गुप्त ने सभी संकुल शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे पूर्व की भांति शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करें।
शासन द्वारा डिजिटल उपस्थिति के विरोध में जिले के सभी नौ विकास खंड के शिक्षक संकुलों ने सामूहिक रूप से शिक्षक संकुल पद से इस्तीफा बीएसए को भेजा था। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि डिजिटल उपस्थिति का मामला फिलहाल स्थगित है ऐसे में संकुल शिक्षकों का इस्तीफा नामंजूर किया जाता है। बीएसए ने सभी विकास खंडों में संकुल शिक्षकों को पूर्व की तरह से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने सभी संकुल शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विकास खंड के स्कूलों को निपुण बनाने में सहयोग प्रदान करें। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे संकुल शिक्षकों की मदद से स्कूलों में बेहतर माहौल पैदा करें। निपुण स्कूल पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे कि शासन की मंशा के अनुसार जिले के अधिक से अधिक स्कूल निपुण स्कूल की सूची में शामिल हो सकें।