किरावली। कस्बा के व्यापारी मोहल्ले में बेची गई जमीन की रकम में हिस्सा नहीं देने के विवाद में शनिवार की रात भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। गोली लगने से एक भाई घायल हो गया। जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। फायर करने का आरोप एक अन्य भाई पर है।
पुलिस के मुताबिक किरावली के व्यापारी मोहल्ला निवासी सिराजुद्दीन के पांच बेटे हैं। कुछ दिन पहले सिराजुदीन ने जमीन बेची थी। आरोप है कि बडे़ लड़के आरिफ हिस्सा नहीं दिया था। इसे लेकर शनिवार की रात करीब नौ बजे भाइयों के बीच रकम में हिस्सेदारों को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान फायर किया गया। गोली लगने से आरिफ घायल हो गया। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
सूचना पर इंस्पेक्टर अछनेरा विपिन कुमार और चौकी प्रभारी किरावली योगेश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। इंस्पेक्टर अछनेरा विपिन कुमार ने बताया कि रकम के विवाद में भाइयों के बीच झगड़ा हुआ है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घायल को इलाज के लिए आगरा भेज दिया गया है। संवाद