कार सवारों ने बाइक में टक्कर मार कर देवर-भाभी को गिरा दिया। इसके बाद दोनों की पिटाई की। बताया गया है कि घटना उस समय की है, जब देवर अपनी भाभी को दवा दिलाने के लिए बाइक से लेकर जा रहा था।
मैनपुरी के गांव बढेरी निवासी एक युवक की बाइक को कार की टक्कर मार कर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने बाइक सवार देवर भाभी की पिटाई की। शिकायत करने पर दोबारा पीटा। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों के विरुद्ध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
यहां का है मामला
कोतवाली क्षेत्र के गांव बढेरी निवासी संदीप कुमार ने बताया कि 13 नवंबर की दोपहर वह गांव अंजनी से भाभी प्रीती को दवा दिलाने के बाद वापस गांव लौट रहा था। तभी रास्ते में जसरऊ नगरिया के बीच में कांकन नदी पुल के पास रमन कुमार, अनुराग और विनय ने अपनी कार से बाइक को टक्कर मार दी। संदीप और प्रीती गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को गालियां देते हुए पीट कर घायल कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
उक्त घटना के बाद अगले दिन जब शिकायत करने गए तो नामजद और सुभाष, मनोज ने लाठी डंडा और सरिया से पिटाई की। आरोपी घर के अंदर घुस आए। परिवार के राजवीर सिंह में गंभीर चोट लगने से घायल हो गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक को तमंचा की बट से पीट कर किया घायल
वहीं दूसरी घटना में मोहल्ला भरतवाल में बुधवार की शाम नामजद लोगों ने एक युवक की पिटाई की। तमंचा की बट से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यहां की है घटना
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल निवासी गुलशन ने बताया कि बुधवार की शाम को वह घर पर था। करीब चार बजे संजीव, चमन, आलोक और करन वहां आकर गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने उसे लाठी डंडा से पीटना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपियों ने तमंचा निकाल कर उसकी बट से सिर पर कई वार किए। जिस से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
भाग गए आरोपी
चीख पुकार सुनकर लाेगों को आता देख आरोपी उसे लहूलुहान हालत में पड़ा छोड़ कर भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन इससे पहले ही आरोपी वहां से जा चुके थे। घायल का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने संजीव, चमन, आलोक और करन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।