फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: तार टूटने से आधे शहर में छाया अंधेरा, एसी बंद, इनवर्टर भी हुए फेल; दिन में ट्रिपिंग से बेहाल हुए लोग

Tue, 30 Jun 2026 12:24 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

पीलीपोखर 400 केवी सबस्टेशन पर तकनीकी खराबी और तार टूटने से आधे आगरा की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। भीषण गर्मी के बीच 10 लाख से अधिक लोग घंटों बिजली संकट से जूझते रहे, जबकि कई इलाकों में दिनभर ट्रिपिंग की समस्या भी बनी रही।
 
विज्ञापन
बत्ती गुल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच पीलीपोखर 400 केवी सबस्टेशन पर तार टूटने से आधे शहर में अंधेरा छा गया। रविवार रात 12:21 से 12:48 बजे के बीच पीलीपोखर सबस्टेशन पर मितई और गोकुल लाइन के तार टूट गए, जिससे ब्रेकडाउन हो गया। यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ने 27 मिनट में ही आपूर्ति चालू करने का दावा किया लेकिन सोमवार तड़के 3:30 बजे तक आपूर्ति बहाल हो सकी। ढाई घंटे में शहर से देहात तक करीब 10 लाख से ज्यादा लोग गर्मी से बेहाल हो गए।
विज्ञापन


पीलीपोखर सबस्टेशन पर गर्मी के बीच तार टूटने से बिजली का संकट गहरा गया। दिन में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से लोग जूझ रहे थे। 20 से 45 मिनट तक की कटौती अलग-अलग क्षेत्रों में हो रही थी लेकिन रात में 12:21 से 3:30 बजे तक शहर में बिजली गुल रही। पीलीपोखर 400 केवी सबस्टेशन पर बसबार में तकनीकी खराबी के कारण सिकंदरा 220 केवी सबस्टेशन और इससे जुड़े 132 केवी दयालबाग, सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, फाउंड्री नगर, शास्त्रीपुरम सबस्टेशन प्रभावित रहे। इस वजह से लगभग आधे शहर के 33 केवी सबस्टेशन और इनसे जुड़े 11 केवी फीडर की आपूर्ति बाधित रही। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन की मरम्मत के बाद धीमे-धीमे सबस्टेशनों से आपूर्ति बहाल की गई।

सोमवार दोपहर में फिर से बिजली गुल होने का सिलसिला शुरू हो गया। लॉयर्स कॉलोनी, पश्चिमपुरी, राधिका विहार, ताजगंज, मऊ रोड, यमुनापार, ट्रांसयमुना, फाउंड्री नगर, छीपीटोला, ताजगंज कुत्ता पार्क, राजपुर चुंगी, आवास विकास कॉलोनी, बोदला, अवधपुरी, अलबतिया रोड, आजमपाड़ा फीडर पर बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे।
विज्ञापन



ताजगंज में इनवर्टर फेल, जेनरेटर पर बंदिश
ताजमहल के 500 मीटर दायरे में ताजगंज में बने होटलों में रात में बिजली गुल होने पर सैलानियों और संचालकों के बीच तकरार भी हुई। एसी कमरों में ठहरे पर्यटक रात में दो घंटे बिन बिजली परेशान हो गए। तब तक इनवर्टर भी फेल हो गए। ताजगंज में डीजल जेनरेटर पर प्रतिबंध के कारण होटल संचालकों के पास जेनरेटर की व्यवस्था ही नहीं है। होटल संचालक संदीप अरोरा ने बताया कि ताजगंज में ठहरे पर्यटकों को इस वजह से ज्यादा परेशानी हुई। एसी न चलने से गर्मी ने उन्हें बेहाल कर दिया।


यूपीपीटीसीएल के चीफ इंजीनियर शैलेश गुप्ता का कहना है कि पीलीपोखर के 400 केवी सबस्टेशन पर मितई और गोकुल लाइन के तार टूटने से कुछ तकनीकी दिक्कतें रही थीं। परेशानी को 27 मिनट के अंदर ही दूर कर लिया था। इस वजह से कुछ सबस्टेशनों की आपूर्ति प्रभावित रही।  उपाध्यक्ष टोरंट पावर संजय कुमार ने बताया कि रात में पीली पोखर 400 केवी सबस्टेशन से आपूर्ति बाधित हुई थी। इस वजह से कई इलाकों में बिजली की दिक्कत रही। ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के साथ समन्वय करके सप्लाई चालू की गई। 220 केवी सिकंदरा और अन्य स्टेशनों से ट्रांसमिशन का सहयोग मिला। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें