भिखारियों की तरह घूम रहे शख्स की हकीकत
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में घूम रहे एक शख्स को देखकर लोग हैरान थे। गंदे और फटे हुए कपड़े पहने ये शख्स अंग्रेजी बोल रहा था। जिस क्षेत्र में ये शख्स घूम रहा था, वहां किसी को अंग्रेजी समझ नहीं आ रही थी। वह कुछ समझाना चाह रहा था, लेकिन कोई उसकी बात नहीं समझ पा रहा था। इसके बाद वहां पुलिस आ गई। पुलिस ने जब उससे बात की, तो सारी हकीकत सामने आ गई।
उसने अपना नाम श्याम इंद्रिक बटुकलाल मेहता बताया। उसने जानकारी दी कि वो ब्रिटिश का नागरिक है। उसे हिंदी नहीं आती है। उसका जन्म भी वहीं हुआ था। वह 16 फरवरी को ऋषिकेश से लखनऊ जाने के लिए निकले थे। इसके लिए प्रीपेड टैक्सी कर रखी थी। रास्ते में खाने के लिए उतरे। इसके बाद गुम गए। टैक्सी के चालक ने अनहोनी की आशंका पर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
ये भी पढ़ें -
देवर के प्यार में हत्यारी बनी मां: प्रेमी संग मिलकर बेटे को तड़पा-तड़पा कर मारा, मासूम की थी इतनी सी गलती
श्याम इंद्रिक बटुकलाल मेहता 23 फरवरी को जगदीशपुरा पुलिस को बिचपुरी पर भिखारियों की हालत में मिले। ब्रिटिश नागरिक के अंग्रेजी में बोलने की वजह से किसी से उनकी बातचीत नहीं हो पा रही थी। बाद में पर्यटन थाना पुलिस आई और उन्हें लेकर गई। तब बताया गया कि वे ब्रिटिश नागरिक हैं।
श्याम इंद्रिक बटुकलाल मेहता ने बताया कि वे पैदल ही बिजनौर से आगरा पहुंचे है। यह भी बताया कि रास्ते में कई लोगों ने उनसे मारपीट की। प्रताड़ित भी किया गया। उनके पास पैसे नहीं थे। खाने की व्यवस्था नहीं थी। कभी होटल तो कभी रेलवे स्टेशन के बाहर रात गुजारी। श्याम इंद्रिक बटुकलाल ने बताया कि उनकी एक पूर्व पत्नी है जो ब्रिटेन में ही रहती है।
एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीव अहमद ने बातचीत की जिसमें पता चला कि ब्रिटिश नागरिक योगा के इंस्ट्रक्टर हैं। 50 से अधिक किताबें लिख चुके हैं। यूट्यूब चैनल पर भी उनके कई वीडियो उपलब्ध हैं। जून 2022 से मई 2023 तक का वीजा लेकर भारत आए थे, जगह-जगह भ्रमण कर रहे थे।