आगरा में जयमाला से ठीक पहले दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। उसके इस फैसले से सभी लोग दंग रह गए। इसके बाद उसने उसी युवक को अपने दूल्हा के रूप में चुना, जिससे उसकी शादी टूट गई थी।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां घुड़चढ़ी की रस्म के बाद दूल्हा जयमाल के स्टेज पर दुल्हन का इंतजार कर रहा था। अचानक दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। घर वालों ने खूब समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद उसने उसी लड़के के साथ सात फेरे लिए जिसके साथ उसकी शादी पहले टूट चुकी थी।
विज्ञापन
मामला बरहन थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के पचमान शहपुर गांव निवासी युवक से साथ तय हुई। किसी बात पर एक सप्ताह पहले यह रिश्ता टूट गया था। इससे घर वालों ने आनन-फानन में उसकी शादी ताजंगज थाना क्षेत्र निवासी युवक के साथ तय कर दी।
दूल्हा हंसी खुशी बरात लेकर पहुंचा
16 फरवरी को तय समय पर दूल्हा हंसी खुशी बरात लेकर पहुंचा। घर में खुशियों का माहौल था। बरात में घुड़चढ़ी की रस्म धूमधाम से की गई। इसके बाद जयमाल होना था। दूल्हा स्टेज पर दुल्हन के आने का इंतजार कर रहा था। लेकिन, घुड़ चढ़ी के दौरान उसने दूल्हा देखा तो उसे पसंद नहीं आया।
इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। उसके इस फैसले से घर में जैसे मातम पसर गया। चारो ओर सन्नाटा छा गया। घर वाले दुल्हन को समझाते रहे। लेकिन, वह शादी के लिए राजी नहीं हुई। इसकी जानकारी वर पक्ष में पहुंची तो लोग सन्न रह गए। दुल्हन के मना कर देने पर दोनों पक्षों के हुए खर्चे का लेनदेन हो गया। इसके बाद दूल्हा समेत पूरी बरात बैरंग लौट गई।
जिसके साथ टूटी थी शादी, उसी के साथ लिए फेरे
बरात वापस होने के बाद घर में मातम जैसा माहौल था। दुल्हन के परिजन ने इसकी जानकारी पचमान शहपुर में दी, जहां पहले उसकी शादी टूट गई थी। इस बार युवक के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। अगले ही दिन वह बरात लेकर आ गए। इसके बाद धूमधाम से शादी की गई। वह दुल्हन को अपने साथ विदा कराकर ले गए।