आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जाजऊ स्टेशन के पास ब्रेक-शू अचानक जाम होने से हॉट एक्सल से चिंगारी निकलने लगी। काफी धुआं भी होने लगा। यात्री डर कर ट्रेन से नीचे उतर आए।
आगरा कैंट-भांडई रेल खंड पर जाजऊ स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की दोपहर आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में ब्रेक-शू जाम होने से कोच में धुआं भरने लगा। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। तकनीकी टीम ने समस्या दूर कर ट्रेन को रवाना कराया।
विज्ञापन
ट्रेन तिरुपति से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित होती है। जाजऊ स्टेशन के पास ब्रेक-शू अचानक जाम होने से हॉट एक्सल से चिंगारी निकलने लगी। काफी धुआं भी होने लगा। यात्री डर कर ट्रेन से नीचे उतर आए। देर तक ट्रेन खड़ी रही। सूत्रों ने बताया कि ट्रेन के ब्रेक-शू जाम हाेने से हॉट एक्सल से तेज चिंगारी निकलने लगती है। चिंगारी इतनी तेज होती है कि ट्रेन की वायरिंग जलने की संभावना रहती है। इससे ट्रेन में आग लगने का खतरा भी रहता है।
आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन के ब्रेक-शू जाम हो गए थे। ट्रेन को कुछ देर रोककर तकनीकी टीम से समस्या दूर कराई गई। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।