रंगनाथ मंदिर में मनाया जा रहा ब्रह्मोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन के रंगनाथ मंदिर के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव में नित नए धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। मंगलवार सुबह भगवान गोदारंगमन्नार ने सोने के गरुड़ जी और शाम को हनुमानजी पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। इस अवसर पर भगवान गोदारंगमन्नार की शोभायात्रा निकाली गई।
प्रात: काल भगवान रंगनाथ को वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य गरुड़ जी पर विराजमान कराया गया। इसके बाद भगवान निज मंदिर से निकलकर बारहद्वारी स्थित मंडप के सामने पहुंचे। जहां मंदिर के पुजारियों ने सस्वर पाठ किया गया।
करीब 15 मिनट तक पाठ करने के बाद सवारी ने बड़े बगीचा के लिए प्रस्थान किया। बैंड बाजों की मधुर धुन और दक्षिण भारत की परंपरागत शहनाई की धुन के बीच सवारी बड़े बगीचा पहुंची। इस दौरान भक्तों ने भगवान गोदारंगमन्नार के स्वागत में जगह-जगह रंगोली सजाकर और आरती उतारकर प्रसाद अर्पित किया।