कासगंज। क्षेत्र के ग्राम नरौली में सड़क किनारे खेलते हुए एक मासूम को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वह गंभीर घायल हो गया। अलीगढ़ उपचार को ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे में मौत का शिकार रितिक (3) पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम नरौली हुआ। वह खेलते हुए सड़क किनारे तक पहुंच गया। तभी असफर अली निवासी हिदायतनगर की बाइक ने बालक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। परिजन भी हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच गए। उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जब परिजन मासूम को अलीगढ़ ले जा रहे थे तो रास्ते में ग्राम पनैठी के समीप उसने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।