माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। यह 21 मार्च तक चलेगी। आगरा मंडल में 508972 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन सुबह की पाली में (7:30 से 10:45 बजे तक) हाईस्कूल की हिंदी और दूसरी पाली (दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक) में इंटरमीडिएट की हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा होगी।
मंडल में सर्वाधिक 164,471 परीक्षार्थी आगरा में पंजीकृत हैं। इनकी परीक्षा 350 केंद्रों पर होगी। पहली बार जिले में इतनी अधिक संख्या में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग से लेकर पुलिस-प्रशासन के लिए शांतिपूर्ण और नकल विहीन परीक्षा कराना चुनौती पूर्ण होगा। गत सत्र में 330 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, कई जगह सामूहिक नकल पकड़ी गई थी। कई परीक्षा केंद्रों पर उपद्रव की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। इस बार यहां 91 संवेदनशील और 31 अंति संवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं।
सबसे कम परीक्षार्थी मैनपुरी में 107,331 हैं। यहां 215 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। फीरोजाबाद में परीक्षार्थी 111,808 हैं, पर केंद्र 182 ही बनाए गए हैं। मथुरा में 125,362 परीक्षार्थियों के लिए कुल 216 परीक्षा केंद्र हैं।
शांत मन से पेपर पढ़ें, फिर लिखना शुरू करें
आगरा। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा के मुताबिक प्रश्नपत्र पाकर परीक्षार्थियों को हड़बड़ाना नहीं चाहिए। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय अलग से दिया जाता है। शांत मन से प्रश्नपत्र को दो से तीन बार पढ़ें। ठीक से समझने के बाद उत्तर लिखना शुरू करें। हड़बड़ाहट में जो चीजें याद रहती हैं, वह भी भूल जाती हैं। अब परीक्षार्थियों को सरसरी तौर पर पढ़े हुए पाठ्यक्रम को दोहराना चाहिए। बिना पढ़े हुए पाठ्यक्रम को रटने से बचें। नकल के चक्कर में न पड़ें, स्व अध्ययन के आधार पर परीक्षा दें।
जिला परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र
आगरा 164,471 350
फीरोजाबाद 111,808 182
मैनपुरी 107,331 215
मथुरा 125,362 216
दो दिन पूर्व दो केंद्र और बने
आगरा। बोर्ड परीक्षा शुरू होने से दो दिन पूर्व आगरा में दो और परीक्षा केंद्र शासन स्तर से बना दिए गए हैं। इससे 348 से बढ़कर परीक्षा केंद्रों की संख्या 350 पहुंच गई है। जगदंबा इंटर कालेज, टेढ़ी बगिया और विद्यारानी इंटर कालेज, फाउंड्री नगर को बालिकाओं के लिए सेल्फ सेंटर बनाया गया है। वहीं एक परीक्षा केंद्र शिवचरण इंटर कालेज, पाली डूंगरा मथुरा में बढ़ गया है।