भोगांव। बाइक पर टंगा एक लाख कीमत की चांदी से भरा थैला अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। सूचना पर पुलिस के देर से घटना स्थल पर पहुंचने को लेकर स्वर्णकारों में रोष है। मामले की तहरीर नहीं दी गयी है।
नगर के मोहल्ला स्वर्णकार गली निवासी कुश वर्मा पुत्र भोले वर्मा घंटाघर बाजार स्थित दुकान बंद कर मंगलवार की देर सायं बाइक से घर आ रहे थे। बाइक पर एक किलो से अधिक चाँदी से भरा थैला लटका हुआ था। जब वह बड़ा बाजार स्थित मंदिर जाने वाले रास्ते पर पहुंचे तो उनकी बाइक की टक्कर लगने मोहल्ला कबीर गंज निवासी ब्रजबिहारी उर्फ लल्ली को चोट आ गयी। इसी बात को लेकर लोगों ने कुश को बाइक से उतार कर कहा सुनी करने लगे। इसी बीच किसी अज्ञात चोर ने बाइक पर टंगा हुआ चांदी से भरा थैला उतार लिया। पीड़ित ने पुलिस को तत्काल मामले की जानकारी दी। पुलिस के देरी से पहुंचने से स्वर्णकार समाज में रोष व्याप्त हो गया है।