बेवर (मैनपुरी)। गांव बागपुर में सोमवार शाम रास्ते के विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट में एक वृद्धा की हत्या कर दी गई। वृद्धा के पति सुरेंद्र सिंह की हालत गंभीर है। मृतका गंगाश्री (65 वर्ष) के शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी पक्ष के लोग फरार हैं। मृतका के बेटे अरुण कुमार की तहरीर पर बेवर थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान नीरज, उसके भाई मुख्य आरोपी सुनील, उसकी पत्नी रेखा देवी व बृजेश, दीपक और संजीव के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है।
बागपुर निवासी सुरेंद्र सिंह का खानदान के ही दूसरे पक्ष से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार देर शाम सुरेंद्र दोपहिया वाहन से खेत से घर लौट रहे थे। गली में दूसरे पक्ष के घर के सामने भैंस बंधी थी। सुरेंद्र ने भैंस को हटाने को कहा तो दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी। हमले में सुरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी गंगाश्री लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी बेवर लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने गंगाश्री को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, सीओ व अन्य अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी।