ताजगंज के होटल एप्पल इन में दिल्ली के युवक के आत्महत्या के बाद शव ले जाती पुलिस।संवाद
आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में होटल की छत पर साउथ वेस्ट दिल्ली निवासी युवक का शव लहूलुहान अवस्था में मिला। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक 20 दिन पहले प्रॉपर्टी के मामले में आने की बोलकर होटल में रुका था। उसके साथ उसका छोटा भाई भी था। भाई दिव्यांग और मानसिक बीमार है। पुलिस को घटनास्थल से एक देसी पिस्टल और चाकू मिला है। पुलिस प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या मान रही है। परिजन को घटना की सूचना दी गई है।
साउथ वेस्ट दिल्ली निवासी 45 वर्षीय फराज अंसार 20 मई को अपने छोटे भाई तारिक के साथ ताजगंज के एप्पल इन होटल आए थे। उन्होंने एक अधिवक्ता के माध्यम से कमरा किराए पर लिया था। भाई तारिक लकवा से ग्रस्त और दिव्यांग है। मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। होटल स्टाफ के अनुसार, रविवार दोपहर 2:30 बजे के करीब छत से गोली चलने की आवाज आई। कर्मचारी भागते हुए छत पर पहुंचे तो टंकी के पास फराज का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उनकी कनपटी पर गोली लगी थी। आसपास काफी खून फैल गया था। पास में ही एक देसी पिस्टल और चाकू पड़ा हुआ था।
कुछ ही देर में उनका भाई भी मौके पर आ गया। सूचना पर एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित करवाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
भाई को बहाने से भेजा होटल के बाहर
एसीपी यतेंद्र नागर ने बताया कि मृतक का भाई ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहा है। उसने बताया कि भाई ने उसे कुछ देर के लिए बाहर टहलने के लिए कहा था। इसके बाद वह खाना लेने के लिए होटल से बाहर चला गया था। वापस आने पर भाई इस हालत में मिले। सीसीटीवी की जांच के बाद प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजन के आने पर ही आत्महत्या की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने उसका कमरा सील किया है। मोबाइल को भी जांच के लिए भेजा गया है। मृतक अपने पास पहले से चाकू और अवैध पिस्टल क्यों रखे था, पुलिस इसका पता लगा रही है।
आगरा में प्रॉपर्टी खरीदने की दी थी जानकारी
पुलिस पूछताछ में होटल स्टाफ ने बताया कि फराज ने खुद को प्रॉपर्टी का काम करने वाला बताया था। आगरा में एक प्रॉपर्टी खरीदने की जानकारी दी थी। बताया था कि प्रॉपर्टी का मामला कोर्ट में है और उसी सिलसिले में वह रुके हैं। वहीं पुलिस की पूछताछ में भाई से जानकारी हुई है कि फराज कर्ज से परेशान था। उसने होटल में 20 दिन रुकने के बाद भी अभी तक मात्र साढ़े चार हजार रुपये ही दिए थे। शेष रुपये जल्द देने की कह रहा था।
ताजगंज के होटल एप्पल इन में दिल्ली के युवक के आत्महत्या के बाद शव ले जाती पुलिस।संवाद