उत्तर प्रदेश के आगरा में फतेहाबाद तहसील स्थित चैंबर में घुसकर वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार पैंगोरिया पर मंगलवार को हमला कर दिया गया। आरोप ब्लॉक प्रमुख शमसाबाद के पति गजेंद्र सिंह पर है। अधिवक्ता को चैंबर से बाहर खींचकर ले गए। बचाने आए स्टांप विक्रेता भाई पर भी हमला किया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
फतेहाबाद निवासी सुरेंद्र कुमार पैंगोरिया मंगलवार शाम की तकरीबन शाम 3:30 तहसील स्थित अपने चैंबर में बैठे थे। उनके पास अधिवक्ता मोहन सिंह मुकदमे से संबंधित सलाह लेने आए थे। इनायतपुर निवासी गिरजा देवी शमसाबाद ब्लॉक की प्रमुख हैं।
आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख के पति गजेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ छोटू भैया 10-12 साथियों के साथ अधिवक्ता के चैंबर में आ गए। बताया गया है कि मोहन सिंह उनके अधिवक्ता है। ब्लाक प्रमुख के पति तारीख पर आए थे। इस पर उनके अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार से सलाह लेने आए थे। यह बात गजेंद्र को बुरी लगी।
आरोप है कि गजेंद्र सिंह सुरेंद्र कुमार पैंगोरिया से अपशब्द कहने लगे। विरोध पर गालीगलौज कर दी। इसके बाद चैंबर से बाहर खींचकर ले गए। यह देखकर अधिवक्ता के भाई स्टांप विक्रेता अजय कुमार आ गए। उन्होंने भाई को बचाने का प्रयास किया। मगर, आरोपियों ने उनके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर दिया, जिससे वो घायल हो गए। चीखपुकार मचने पर लोग जुट गए।
घटना से तहसील परिसर में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि हमलावर 32 हजार रुपये चैंबर से लूटकर ले गए। घटना पर तहसील के अधिवक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। अधिवक्ता की तहरीर पर ब्लॉक प्रमुख पति सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि आरोपी संजय और योगेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।