यूपी के आगरा जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक मनचले ने छात्रा का जीना दुश्वार कर दिया। परेशान होकर छात्रा ने घर से निकलना बंद कर दिया। युवक ने छात्रा को कभी मिर्च तो कभी चाकू से वार करने पर मजबूर किया।
आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में रहने वाली 19 वर्षीय बीसीए छात्रा का मनचले युवक ने घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। उसकी फोटो को एआई की मदद से आपत्तिजनक बना दिया। इसके बाद ब्लैकमेल कर कभी मिर्च खिलवाई तो कभी खुद पर चाकू मारने को मजबूर किया। छात्रा के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी बीसीए छात्रा है। पांच वर्ष पूर्व ट्रांस यमुना काॅलोनी क्षेत्र में रहने आए ऋषभ सिकरवार ने भतीजी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ली। एक बार मिलने के लिए बुलाकर बहाने से भतीजी की फोटो खींच ली। उसकी गलत हरकतें देख भतीजी ने बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी ने एआई की मदद से भतीजी की आपत्तिजनक फोटो बना ली। उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। प्रताड़ित करने के लिए वीडियो कॉल कर कभी मिर्च खाने के लिए मजबूर करता तो कभी चाकू से खुद पर वार करवाता।
भतीजी ने परेशान होकर घर से निकलना और उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी ने फर्जी नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर कुछ लोगों को फोटो भेज दीं। अब धमकी दे रहा है कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो वह रिश्तेदारों को फोटो भेजकर बदनाम कर देगा। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर आईडी को बंद करवाया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।