आगरा। चुनाव आयोग के विशेष रोल प्रेक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने आगरा मंडल के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण- 2026 की शुक्रवार को समीक्षा की। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की है कि 13475 बूथ लेबल एजेंटों (बीएलए) के जरिये बूथवार अनमैप्ड मतदाताओं को प्राप्त नोटिसों के निस्तारण तथा फॉर्म-6, 7 व 8 भरवाने में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) का सक्रिय सहयोग करें।
केंद्र सरकार के ज्वाइंट सेक्रेटरी ने सभी जिलों के विधानसभावार डिजिटाइजेशन के सापेक्ष मैपिंग, राजनैतिक दलों के बीएलए, प्राप्त फॉर्म-6 की प्रोसेसिंग, उनके निस्तारण की स्थिति और बुक ए कॉल पर प्राप्त रिक्वेस्ट आदि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें नोटिस देने के बाद उनके अधिकृत व्यक्ति के माध्यम से संबंधित दस्तावेज लेकर मैपिंग की जाए। सभी बीएलओ के माध्यम से अनमैप्ड मतदाता को नोटिस देकर कार्रवाई पूरी करना सुनिश्चित की जाए। इस दाैरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि बीएलओ को मतदान केंद्र की बजाय संबंधित बूथ के मतदाताओं के क्षेत्रों में जाकर कैंप करें। इसके अलावा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में दो के विकल्प को कम करने की भी बात कही। इस मौके पर डीएम आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मथुरा के चंद्र प्रकाश सिंह, फिरोजाबाद के रमेश रंजन, मैनपुरी के अंजनी कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।