मानसिक रूप से अस्वस्थ किसान से बैनामा कराने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। मोहम्मदपुर नगरिया निवासी मानसिक रूप से बीमार एक किसान से कुछ लोगों ने जमीन का बैनामा करा लिया। परिजन अब न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को भाकियू पदाधिकारियों ने किसान परिवार की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया।
थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर नगरिया निवासी श्रीदेवी ने बताया कि पति महाराज सिंह मानसिक रूप से बीमार हैं। मोहल्ला जाटवान के रहने वाले आरोपियों ने इसी बात का फायदा उठाकर पति से जमीन का शराब पिलाकर धोखाधड़ी से बैनामा करा लिया है। श्रीदेवी ने भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष गणेश राजपूत से सहयोग किए जाने की बात कही।
ब्लॉक अध्यक्ष ने बुधवार को पीड़ित परिजन के साथ प्रदर्शन किया। कहा कि यदि पीड़ित महिला को न्याय नहीं मिला तो भाकियू आंदोलन करने पर बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में गणेश चंद्र राजपूत, श्रीदेवी, नाथूराम, सुमित कुमार, राम प्रताप सिंह, योगेंद्र कुमार, आशाराम आदि शामिल रहे।