आगरा के अछनेरा के रायभा टोल पर मंगलवार दोपहर को फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चाै. बाबूलाल के बेटे सुरेश चाैधरी का टोल कर्मचारी से विवाद हो गया। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में विधायक पुत्र कर्मचारी को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि विधायक का कहना है कि कर्मचारी ने बेटे से अभद्रता की थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। विधायक पुत्र सुरेश चाैधरी रायभा टोल प्लाजा पर कार से ग्वालियर की तरफ जा रहे थे। टोल से मिली जानकारी के मुताबिक, गाड़ी पर फास्टैग नहीं था। आगे की तरफ शीशे पर विधायक लिखा था। वीआईपी पास भी लगा था। टोल कर्मी दाैरेठा निवासी संजय सिंह ने दो मिनट तक बैरियर नहीं उठाया।
इस पर सुरेश चाैधरी कार से उतरे। सीसीटीवी के वायरल वीडियो में वह कर्मचारी को थप्पड़ मारते दिखते हैं। कर्मचारी के पीछे दौड़कर उसे पकड़ने की कोशिश भी करते हैं। कर्मचारी संजय सिंह का कहना है कि मथुरा नंबर की गाड़ी थी। आधार कार्ड मांगा था। गालीगलौज और मारपीट की गई। हालांकि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है।
विधायक चौ. बाबूलाल ने बताया कि बेटा और बहू कार से जा रहे थे। टोल कर्मचारी ने काफी देर तक बैरियर नहीं खोला। इस बारे में कहने पर बेटे से अभद्रता कर दी। बेटे का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उसे फंसाया गया है। पहले से ही इस तरह की अभद्रता करने के लिए तैयारी की गई थी। सीसीटीवी फुटेज को वायरल किया गया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। टोल कर्मी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। उसे बुलाया गया है। जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-आदित्य सिंह, एडीसीपी, पश्चिमी जोन