आरोपी अंशुल को ले जाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के सिकदंरा थाना पुलिस की हिरासत में की गई युवक राजू गुप्ता की हत्या के 39 दिन बाद पुलिस ने आरोपी केमिकल कारोबारी अंशुल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह मथुरा के एक भाजपा विधायक का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने अंशुल की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में दरोगा अनुज सिरोही अभी फरार चल रहा है।
गैलाना रोड स्थित नरेंद्र एंक्लेव निवासी राजू गुप्ता की मौत 22 नवंबर 2018 को हुई थी। आरोप है कि पहले पहले पड़ोसी अंशुल और विवेक ने पीटा। फिर सिकंदरा थाना की पुलिस ने थर्ड डिग्री दी। अंशुल ने घर में सात लाख की चोरी होने की बात कही थी।
इसका केस दर्ज किए बगैर पुलिस विधायक लिखी गाड़ी से राजू को घर से ले गई थी। राजू की मौत हो जाने पर उसकी मां रेनूलता ने अंशुल और विवेक को नामजद कराया था। विवेक जेल में है। राजू की हत्या के बाद से सिकंदरा थाना का प्रशिक्षु दरोगा अनुज सिरोही फरार है। वो बुलंदशहर के अगौता का रहने वाला है।
पुलिस ने उसे आरोपी मानते हुए उसकी गिरफ्तारी पर भी 20 हजार का ईनाम घोषित कर रखा है। सिकंदरा थाना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अंशुल को रुनकता से गिरफ्तार किया गया है।