फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा : शुभ मुहूर्त के चक्कर  में अटका प्रत्याशियों का एलान

Thu, 05 Jan 2017 12:52 AM IST
भाजपा : शुभ मुहूर्त के चक्कर  में अटका प्रत्याशियों का एलान
विज्ञापन
BJP LOGO
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशी की घोषणा शुभ मुहूर्त के चक्कर में अटकी हुई है। भाजपा खेमे के लोगों का कहना है कि पौष के महीने में शुभ कार्य नहीं होते हैं इसलिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हो पा रही है। 
विज्ञापन

पौष का महीना 12 जनवरी को समाप्त हो रहा है। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशियों की घोषणा 13 से लेकर 15 जनवरी के बीच हो जाएगी। इसके चलते दावेदारों ने अपनी गोटियां सेट करना प्रारंभ कर दी है। भाजपा में यह स्पष्ट हो गया है कि वर्तमान विधायकों का टिकट नहीं कटेगा। इस वजह से सबसे अधिक मारामारी खेरागढ़, एत्मादपुर सीट पर है। दावेदारों ने अपने आकाओं का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया है। कुछ लोग दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं कुछ लखनऊ दरबार में हाजिरी देना शुरू कर दिया है। कई ऐसे भी जिन्हें संघ कार्यालय पर भरोसा है और पूरी ताकत से जुटे हैं। दिल्ली की परिक्रमा करने वालों की संख्या सर्वाधिक है।
इनबाक्स...
विधानसभा क्षेत्र स्तर तक बनेगी चुनाव प्रबंधन कमेटी
भारतीय जनता पार्टी में चुनाव प्रबंधन कमेटियों को लेकर सर्वाधिक जोर लगाया जा रहा है। ब्रज क्षेत्र चुनाव प्रबंधन कमेटी बन चुकी है। अब जिला स्तर पर भी चुनाव प्रबंधन कमेटी बनेगी। इसके साथ ही प्रदेश नेतृत्व भी सक्रिय हो गया है। जिलों में होने वाली एक-एक गतिविधि, पार्टी के कार्यक्रम, विपक्षी दलों के कार्यक्रम आदि की जानकारी प्रतिदिन प्रदेश नेतृत्व को दी जाएगी।
विज्ञापन

इनबाक्स...
जारी रहेंगे दलित बस्तियों में सम्मेलन
दलित वोटरों में अपनी पकड़ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से जुटी है। डा. अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों का नाम लेकर दलित बस्तियों में भाजपा के कार्यकर्ता घुस रहे हैं। अब चुनाव आचार संहिता लगने के बाद भी दलित बस्तियों में सम्मेलनों को जारी रखने की योजना है। अब आयोग की अनुमति लेकर सम्मेलन होंगे। इन्हें किसी जाति का नाम नहीं दिया जाएगा।


रालोद : टिकट दावेदारों की टेंशन बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
आगरा। प्रत्याशियों की घोषणा करने में राष्ट्रीय लोक दल पिछड़ गया। इसका बड़ा कारण गठबंधन की आस है। इसे लेकर पार्टी तो असमंजस में है ही दावेदारों भी चिंतित है। गठबंधन होने की स्थिति में पार्टी सभी नौ विधान सभा सीटों में से चार पर दावेदारी करेगी। इसमें एत्मादपुर, फतेहपुर सीकरी, आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ विधान सभा हैं। पिछले चुनाव की बात करें तो रालोद कांग्रेस के साथ मैदान में उतरी। इसमें फतेहपुर सीकरी, एत्मादपुर, खेरागढ़ और फतेहाबाद सीट से रालोद ने प्रत्याशी मैदान में उतारे। चारों सीटों पर पार्टी की हार हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुंशी रामपाल का कहना है कि जल्द ही गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। 

सपा : फाइनल लिस्ट का इंतजार
आगरा। परिवार में रार की वजह से समाजवादी पार्टी में प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हो पा रही है। कई बार प्रत्याशी बदले जा चुके हैं। पिछले दिनों में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह की ओर से जारी लिस्ट को लेकर भी संगठन बंटा हुआ है। जिला संगठन खुलकर मुख्यमंत्री के साथ है तो महानगर संगठन अभी पत्ते नहीं खोल रहा है। जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिन लोगों को प्रत्याशी घोषित करेंगे, संगठन उनके साथ होगा। मुलायम सिंह यादव हमारे आदर्श हैं, हम उनका सम्मान करते हैं। उधर, महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी का कहना है कि कल तक इस मामले का पटाक्षेप हो जाएगा और अधिकांश प्रत्याशी वही होंगे जो घोषित हो चुके हैं। 

कांग्रेस: जल्द आएगी उम्मीदवारों की सूची
आगरा। जिले की नौ विधानसभा सीटों पर दावेदारों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को पिछले माह ही भेजा जा सका है। गठबंधन की सूरत में दो या तीन सीटें मिल सकती हैं। प्रत्येक सीट पर कई कई दावेदार हैं। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने बताया कि पार्टी पिछले छह माह से संगठन को 115 न्याय पंचायत, 695 ग्राम पंचायतों में मजबूत किया गया है। पार्टी की चुनाव संचालन कमेटी की बैठक में शुक्रवार या शनिवार तक पहले चरण के प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं। उधर, शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन ने बताया कि लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी बड़े नेताओं ने चुनावी तैयारियों और नोट बंदी के मुद्दे पर प्रदेशभर में होने वाले आंदोलन पर चर्चा की है। पार्टी नोट बंदी के मुद्दे पर सात जनवरी को जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें