फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र में सोमवार को गांव दलेलपुर के समीप अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की कुछ दिन पहले ही शादी तय हुई थी। सोमवार को मंगेतर की गोदभराई की रस्म के लिए जाना था। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
एका थाना के गांव पतारा निवासी 19 वर्षीय सुमित पुत्र शिशुपाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह भाई और पिता के साथ खेती करता था। सुमित की शादी एटा जिले के कस्बा सकीट निवासी युवती के साथ तय हुई थी। सोमवार सुमित परिजनों के साथ गोदभाई के लिए जाने वाला था। कार्यक्रम में जाने से पूर्व वह कस्बा एका से बाल कटाकर बाइक द्वारा गांव लौट रहा था।
गांव दलेलपुर के पास हुआ हादसा
बताया जाता है कि सुमित गांव दलेलपुर के समीप पहुंचा था। तभी मैक्स जीप असंतुलित होकर बाइक से टकरा गई। हादसे में सुमित की मौत हो गई। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष एका नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि युवक परिजनों के साथ होने वाली होने वाली पत्नी की गोदभराई को जाने वाला था। कि मैक्स की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।