सहावर। चांडी गांव और गोरहा नहर के बीच सोमवार की रात बदमाशों ने सरिया से हमला करके युवक से बाइक और मोबाइल लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।
मोहल्ला कुरैशी निवासी शाकिर ने बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे उसका छोटा भाई जाविद बाइक लेकर कासगंज से आ रहा था। तभी चांडी गांव और गोरहा नहर के बीच में दो बदमाश उसके भाई से लिफ्ट मांगकर बाइक पर सवार हो गए। कुछ दूर आगे चलने के बाद उन्होंने मोबाइल से किसी को फोन किया। इसके बाद आगे रास्ते में दो और लोग मिल गए। फिर सभी ने उसके भाई के लोहे की सरिया से कई वार किए।
उसके घायल होने पर बाइक और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में थाना प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने बताया कि अभी पीड़ित की ओर कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।