मथुरा: सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने मौके पर शव रख कर जमकर हंगामा किया। सड़क जाम कर दी। मथुरा-गोवर्धन मार्ग तीन घंटे तक जाम रहा। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण शव रख सड़क पर बैठ गए।
घटना सोमवार देर रात की है। रोहित पुत्र सतीश निवासी गामेती मोहल्ला अड़ींग, मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। जचौंदा बिजली घर के समीप अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जमकर हंगामा किया। मृतक का शव सड़क पर रख जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीण सड़क से नहीं उठे। ग्रामीण डीएम और एसएसपी के मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
पांच किलोमीटर तक लग गई वाहनों की लंबी कतार
सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जाम लगा दिया। पांच किलोमीटर तक वाहनों की सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। परिक्रमा व गिरिराज दर्शनों को आ-जा रहे श्रद्धालु जाम में फंस गए।
जंग का अखाड़ा बना मथुरा सीएमओ कार्यालय: व्हाट्सएप चैट पर कमेंट को लेकर भिड़े चिकित्सक, जमकर चले लात-घूंसे