अभुआपुरा के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ शनिवार को तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। विद्युत टीम के एक दिन पूर्व घरों में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और चेकिंग के नाम पर केबल काटने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और संबंधित अधिकारियों का स्थानांतरण व रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
बता दें कि शुक्रवार को अभुआपुरा गांव में चेकिंग को लेकर विद्युत विभाग की टीम से ग्रामीणों की हाथापाई हो गई थी। इसके बाद उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता उमैर खान ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी के विरोध में शनिवार को ग्रामीण ने चेयरमैन जगदीश सिंह के नेतृत्व में जुलूस निकाला। जो स्टेट बैंक से महात्मा गांधी पार्क, पुराना चौराहा, सब्जी मंडी, बाईपास होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचा। यहां धरना-प्रदर्शन किया गया। चेयरमैन ने कहा कि जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब से अधिशासी अभियंता का कार्यालय खुला है तब से विद्युत उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में उपभोक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं हुआ तो आंदोलन होगा। उन्होंने एसडीओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और स्थानांतरण की मांग की। बाद में उपजिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर एदल सिंह, अमरपाल मुखिया, चंदर शर्मा, देवेश लवानिया, डोरीलाल, रामकुमार मित्तल, गुड्डी देवी, प्रमोद पाठक आदि मौजूद रहे।
----------
बिजली चोरी में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
फतेहाबाद। बिजली चोरी रोकने के लिये चलाये जा रहे अभियान के तहत शनिवार को टीम ने चार लोगों के खिलाफ थाना फतेहाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अवर अभियंता रामबाबू वर्मा ने टीम के साथ अरनौटा, टीकेत पुरा, खण्डेर में चेकिंग की। इस दौरान बिल बकाए पर काटे गये कनेक्शन जुटे मिले। इस पर उन्होंने विजय सिंह, महेंद्र सिंह, समोखी राम, तीरथ सिंह के खिलाफ थाना फतेहाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है।