डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने दो विषय में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को पुन:परीक्षा में शामिल होने के लिए हरी झंडी दे दी है। प्रत्येक वर्ष के विद्यार्थियों को एक मौका दिया जाएगा। आगामी सत्र से एक विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों को ही पुन: परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
कार्य परिषद ने चालू सत्र में निर्णय लिया कि एक विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों को ही पुन: परीक्षा में शामिल कराया जाएगा, उन्हीं के आवेदन भी स्वीकार किए गए। दो विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों और छात्र नेताओं ने नई व्यवस्था का विरोध किया। इस वर्ष से नई व्यवस्था लागू न करने की मांग के संबंध में लंबा संघर्ष किया।
धरना-प्रदर्शन से लेकर भूख हड़ताल तक की। कुलपति डा. अरविंद कुमार दीक्षित ने बुधवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ दो विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों को एक मौका दिए जाने के संकेत दिए थे। गुरुवार को खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में छात्र संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ हुई बैठक में स्थिति और स्पष्ट कर दी। हालांकि अंतिम निर्णय कार्य परिषद की बैठक लिया जाएगा।