मैनपुरी। सौ वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके जिले के 61 बुजुर्ग मतदाता इस बार विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं के लिए वह क्षण सुखद अनुभूति का होगा जब वे प्रदेश की सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे। करहल विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक है।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार हो चुकी है। इसमें उम्रवार मतदाताओं की संख्या भी दर्ज की गई है। चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 61 मतदाता ऐसे हैं जो सौ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने आजादी से पहले के हालात से लेकर लोकतंत्र की शुरुआत को भी जिया है। पहली बार के विधानसभा चुनाव का माहौल भी उनकी आंखों में आज तक जीवंत है। एक बार फिर वे लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। सौ वर्ष से अधिक आयु के सर्वाधिक 29 मतदाता करहल विद्यानसभा क्षेत्र में हैं तो वहीं सबसे कम चार मतदाता भोगांव विधानसभा क्षेत्र में हैं।
---
पोस्टल बैलेट से मतदान के लिए मांगी जा रही स्वीकृति
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने इन सभी बुजुर्गों के पास बीएलओ को जाने के निर्देश दिए हैं। बीएलओ उनसे पोस्टल बैलेट से मतदान के संबंध में सहमति लेंगे। लिखित सहमति के बाद उन्हें पोस्टल बैलेट से घर पर ही मतदान कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
---
विधानसभा क्षेत्रवार सौ वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता
-07 विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी
-04 विधानसभा क्षेत्र भोगांव
-21 विधानसभा क्षेत्र किशनी
-29 विधानसभा क्षेत्र करहल
---
सौ वर्ष या उससे अधिक की आयु के जिले में कुल 61 मतदाता हैं। इन्हें मताधिकार के प्रयोग के लिए पोस्टल बैलेट का भी विकल्प दिया जाएगा। अगर वे सहमति देंगे तो उन्हें पोस्टल बैलेट से घर पर ही मतदान कराया जाएगा।
-राम जी मिश्र, एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी।