Bhai Dooj 2023: यम की फांस से बचने के लिए बहनों ने भाईयों के साथ यमुना में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से ही हजारों की संख्या में पहुंचे भाई-बहन यमुना के घाट पर नजर आए। इस दौरान यम-यमुना मंदिर में पूजा भी की।
मथुरा में अपने भाई को यम की फांस (अकाल मृत्यु) से बचाने को हजारों बहनों ने मंगलवार को यम द्वितीया पर अपने भाई का हाथ थाम कर यमुना में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद यम-यमुना मंदिर में पूजन कर अपने भाई की सलामती की कामना की। इस दौरान प्रशासन व नगर निगम की भी व्यवस्थाएं रहीं।
विज्ञापन
मंगलवार को गोवर्धन पूजा के साथ काफी संख्या में लोगों ने यम द्वितीया पर्व (भाई दूज) भी मनाया। इसके चलते उन्होंने पहले बहनों ने अपने भाई के साथ मां यमुना में स्नान किया। फिर आसन पर बिठाकर अपने भाई का तिलक कर भाईयों को स्नेह व आशीर्वाद दिया। तत्पश्चात् विश्राम घाट की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर बने यम-यमुना मंदिर में जाकर वैदिक विधि विधान से दीपक जलाकर पूजा अर्चना की।
बहनों ने यम-यमुना से अपने भाई की लंबी व स्वस्थ आयु की कामना करते हुए मनौती मांगी। इस दौरान हजारों की संख्या में भाई-बहन यमुना के तीर्थ घाट विश्राम घाट पर मौजूद रहे। यहां स्थानीय पंडों ने भाई-बहनों को पूजा कराई। नगर निगम व पुलिस प्रशासन ने भी किसी भी अप्रिय घटना को घटित होने से रोकने के लिए व्यवस्थाएं कीं।