आगरा के सदर बाजार के सोहल्ला में एक युवक के साथ रह रही युवती की रविवार सुबह रेलवे लाइन पर सिर कटी लाश मिली। पुलिस के पहुंचने पर मृतका की शिनाख्त मध्य प्रदेश के शिवपुरी की सोनम के रूप में हुई। वहीं जिस युवक के साथ वो रह रही थी, वह फरार है। पुलिस युवक और मृतका के परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। युवक पर ही हत्या कर शव फेंके जाने का शक है, जल्द घटना का खुलासा हो सकता है।
रविवार सुबह सीओडी के पास झांसी रेलवे ट्रैक पर एक युवती की लाश पड़ी थी। लाश के पास ही एक बोरा था। इसमें कपड़े भरे हुए थे। धड़ से थोड़ी दूर पर युवती का कटा सिर और दाहिना हाथ पकड़ा था। राहगीरों ने लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। उधर, झांसी की ओर से आ रही मालगाड़ी को रोक दिया गया।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पंवार ने बताया कि युवती का फोटो व्हाट्सएप ग्रुपों पर शेयर किया गया था। इसके बाद उसकी पहचान शिवपुरी निवासी सोनम के रूप में हुई। 15 दिन से सोहल्ला में एक युवक के साथ रह रही थी। इससे पहले गुरुग्राम में रहती थी।
पुलिस को युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। उसकी तलाश में टीम को लगाया गया है। वह फरार हो गया है। उसके परिजनों के बारे में भी पता किया जा रहा है। आशंका है कि युवती की मौत के बाद रेलवे लाइन पर फेंका गया है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सके।