भोगांव। क्षेत्र के गांव धुवैया निवासी ग्रामीणों ने सोमवार को तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें लोक निर्माण विभाग पर जबरन निजी खेत में सड़क डालने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जांच कर सड़क निर्माण रुकवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्ष पहले निजी भूमि पर रास्ता बनाया था। इससे वे आवागमन करते हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा निजी रास्ते को बढ़ाते हुए सड़क डाली जा रही है। इसमें किसानों के निजी खेत जा रहे हैं। कई बार रोकने के बाद भी विभाग मनमानी पर उतारू है। तहसीलदार भगत सिंह ने लेखपाल को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। शिकायत करने वालों में किसान सुरजीत सिंह, मिलकीराम, रामसिंह, सत्यवती देवी, रामस्वरूप आदि शामिल हैं।
वहीं ग्राम पंचायत जगतपुर के प्रधान प्रभात कुमार ने सोमवार को तहसील में शिकायत दी। बताया है कि ग्राम सभा के नाम अंकित भूमि पर बने चक मार्ग पर एटा के नगला सरदार निवासी कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इससे लोगों को आने-जाने में असुविधा होती है। उन्होंने बताया कि कई बार लेखपाल से शिकायत के बाद भी कब्जा नहीं हट सका। उन्होंने तहसीलदार से कब्जा हटवाने की मांग की है। तहसीलदार भगत सिंह ने मामले की रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर दिए जाने के आदेश कानूनगो को दिए हैं।