मैनपुरी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025-27 रविवार से तीन जून तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने क्यूआर कोड जारी किए हैं। इसे स्कैन करते ही केंद्र तक पहुंचने का रास्ता मोबाइल पर दिखने लगेगा।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, आगरा रोड, कुंवर आरसी महिला महाविद्यालय, कचहरी रोड और श्री चित्रगुप्त पीजी काॅलेज करहल रोड को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक की है।
कुल 1152 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने सभी इंतजाम पूर्ण होने का दावा किया है। यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार सेंगर ने बताया कि यातायात पुलिस सक्रिय रहेगी। कहीं पर जाम व अन्य समस्या नहीं आने दी जाएगी।