बेवर। गांव बझेरा के प्रधान प्रतिनिधि पर हुए जानलेवा हमले के मामले में हकीकत जानने के लिए पुलिस डीसीएम चालक की तलाश कर रही है। उक्त मामले में प्रतिनिधि की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस की टीम नामजद लोगों को भी तलाश रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बझेरा निवासी शिवेंद्र उर्फ सोनू शुक्रवार को शहर में अपना काम निपटाने के बाद बोलेरो से घर वापस आ रहा था। तभी रास्ते में बनकिया तिराहा के पास एक डीसीएम ने गाड़ी में टक्कर मारने की कोशिश की थी। जब कुछ दूर जाने के बाद डीसीएम को रोका तो वहां आए बाइक सवार नामजद लोगों ने प्रधान प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला किया था।
गोली लगने से घायल शिवेंद्र का इलाज मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है। वहीं पुलिस घटना की हकीकत जानने के लिए डीसीएम व चालक की तलाश में जुटी है। वहीं एक टीम नामजद किए गए प्रदीप उर्फ छोटे, सुधीर, सूर्यप्रताप उर्फ सोनू निवासी गांव चंद्रपुर की तलाश कर रही है।