आगरा। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की आगरा शाखा ने 78वें सीए स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सीए क्रिकेट प्रीमियर लीग के 10वें संस्करण का शुभारंभ किया। यह कुबेरपुर स्थित कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम में तीन दिवसीय नाइट टूर्नामेंट दूधिया रोशनी में खेला जाएगा।
उद्घाटन पंजाब एंड सिंध बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अगम कुमार, उद्योगपति नितिन गुप्ता व दक्षिणांचल के डीजीएम सीए अशोक वर्मा ने किया। शाखा अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। 10-10 ओवर के मैचों में खिलाड़ियों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उद्घाटन मुकाबले में बंसल सुपर स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 6 विकेट पर 91 रन बनाए। जवाब में सब्सिडी कमांडोज की टीम 49 रन पर सिमट गई और बंसल सुपर स्ट्राइकर्स ने 42 रन से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में एसजे स्पार्टन्स ने 4 विकेट पर 76 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फिरोजाबाद फाइटर्स ने 8.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
तीसरे मुकाबले में रजत रॉयल्स की टीम 51 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में सुपर किंग्स एमजीसीओ ने 3 विकेट खोकर 54 रन बनाते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की। दिन के चौथे और अंतिम मैच में गोयल धुरंधर ने 7 विकेट पर 67 रन बनाए। जवाब में सब्सिडी कमांडोज ने 3 विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाकर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
पहले दिन के मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीए गौरव सिंघल, नितिन अग्रवाल, हर्षित जैन और सीए कुमार गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में अंपायरिंग शुभम सिंह और मानवेंद्र चौधरी ने की। इस अवसर पर शाखा सचिव सीए सचिन बुबना, उपाध्यक्ष आयुष गोयल, कोषाध्यक्ष अंकित मित्तल, गौरव सिंघल, आशीष जैन, अभिषेक बंसल, राजीव अग्रवाल, अजय गोयल, विनय बंसल, अभिषेक अग्रवाल, विकास जैन, जितेंद्र पोपटानी भी मौजूद रहे।