बीएएमएस के छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन कर परिणाम जारी करने की मांग पूरी न होने पर एक बार फिर आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस से छात्रों की नोकझोंक भी हुई।
मांग पूरी न होने तक छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। दोपहर तक पेड़ के नीचे छात्रों ने धरना दिया, शाम ढलने के बाद छात्रों ने गेट के सामने बने दालान के नीचे ठिकाना बनाया। छात्रों ने रजाई और गद्दे मंगवाए।
प्रेमरघु आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज हाथरस, केवी मेडिकल कॉलेज कुबेरपुर, एसआरएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, रामरघु आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, केआर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज और साईं आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के बीएएमएस के प्रथम वर्ष और सप्लीमेंट्री के छात्रों ने 27 नवंबर को विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया था।
'90 फीसदी छात्र फेल'
छात्रों का आरोप है कि मूल्यांकन में गड़बड़ी की है, जिससे 90 फीसदी छात्र फेल हैं। छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन कर दोबारा परिणाम जारी करने की मांग की थी। इस पर उनको तीन दिन में समाधान का भरोसा दिया। लेकिन समय पूरा होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
इस पर सोमवार को छात्र एकजुट होकर फिर पहुंचे। कुलसचिव कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस आई और छात्रों को हटाने लगी। इस पर एनएसयूआई के बिलाल अहमद से नोकझोंक भी हुई। इस पर छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक दोबारा मूल्यांकन कर परिणाम जारी नहीं किया जाएगा, तब तक यहीं धरना देंगे।
कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित ने कहा कि नमूने के तौर पर कॉपियों की स्कैनिंग कराकर विशेषज्ञों से कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन कराया जा रहा है। कमेटी इन नमूनों का मूल्यांकन कर कुल छात्रों के उत्तर पुस्तिका का आकलन कर रिपोर्ट देंगे, उसी के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
समाजवादी छात्र सभा के छात्र नेता रवि यादव ने कहा कि एक पेपर में 55 और दूसरे में शून्य नंबर दिए गए हैं। यह असमानता नहीं हो सकती है। दोबारा मूल्यांकन क्यों नहीं कराया जाता है, छात्रों को हर बार आश्वासन दिया जा रहा है। जब तक मांग पूरी नहीं की जाएगी, छात्र यहीं धरना देंगे।
अधूरे परिणाम आज जारी करने का दावा
छात्रों का आरोप है कि बीएएमएस के प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के कई अधूरे परिणाम जारी किए हैं। कई बार ज्ञापन देने पर भी परिणाम जारी नहीं किया गया। विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. जीएस शर्मा ने बताया कि जितने भी परिणाम अधूरे हैं, उनको मंगलवार को जारी कर दिया जाएगा।