बीएएमएस के छात्रों ने बताया कि आरटीआई से कॉपी निकलवाने पर पता चला कि अधिकांश छात्रों की कॉपियां एक या दो मिनट में ही जांच ली गई हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में एकत्रित होकर छात्रों ने नारेबाजी भी की।
बैचलर ऑफ आयुर्वेद मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) के छात्रों ने सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में परीक्षा मूल्यांकन पर सवाल उठाए और प्रदर्शन किया। परीक्षा नियंत्रक का घेराव कर छात्रों ने सवाल किया कि जिस कॉपी को लिखने में उन्हें तीन घंटे का समय लगा, उसे परीक्षकों ने महज एक मिनट में कैसे जांच लिया। करीब 2 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने 48 घंटे में रिजल्ट अपडेट कराने का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया।
विज्ञापन
छात्र अमन ने आरोप लगाया कि परीक्षा और मूल्यांकन से जुड़ी शिकायतों के बारे में जब कोई विद्यार्थी अकेले विश्वविद्यालय पहुंचता है तो उसकी सुनवाई नहीं की जाती। छात्र विकास ने बताया कि आरटीआई से कॉपी निकलवाने पर पता चला कि अधिकांश छात्रों की कॉपियां एक या दो मिनट में ही जांच ली गई हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में एकत्रित होकर छात्रों ने नारेबाजी भी की। विद्यार्थियों के सवाल और विरोध बढ़ने पर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से पुलिस बुला ली गई। नाराजगी और बढ़ने पर परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया।
विद्यार्थियों की समस्या के लिए परीक्षा समिति की बैठक की जा रही है। जल्द ही विद्यार्थियों की समस्या का निवारण करा दिया जाएगा। -डॉ. ओमप्रकाश, परीक्षा नियंत्रक