खराब मौसम के कारण तीन दिन पहले खत्म हुआ फेस्टिवल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खराब मौसम के कारण ताज बैलून फेस्टिवल दूसरी बार भी परवान नहीं चढ़ सका। वायु सेना से तीन दिसंबर तक फेस्टिवल को बढ़ाने की अनुमति मिलने के बाद भी 30 नवंबर को ही आयोजक कंपनी को सामान समेटना पड़ा। बैलून की राइडिंग भी पांच दिन तक ही रही। हालांकि पर्यटन विभाग का दावा है कि तकरीबन ढाई हजार लोगों को बैलून राइडिंग करवाई गई।
पर्यटन विभाग के सहयोग से स्काई वाल्ट्ज की ओर से 25 से 30 नवंबर तक ताज बैलून फेस्टिवल का दूसरा सीजन भी फीका ही रहा। कोहरे ने फेस्टिवल के दूसरे सीजन को भी प्रभावित किया। खराब मौसम के कारण बैलून राइडिंग 29 नवंबर तक ही चल सकी। 30 नवंबर की सुबह से छाए घने कोहरे ने लोगों की बैलून राइडिंग की हसरत को पूरा नहीं होने दिया। पीएसी ग्राउंड में 30 नवंबर की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कंपनी की ओर से ढाई हजार लोगों को बैलून राइडिंग करवाई गई। लेकिन ये नियंत्रित राइडिंग थी। ज्यादातर लोग खुले आसमान में बैलून राइडिंग करना चाहते थे। इसे देखते हुए कंपनी ने वायु सेना से फेस्टिवल को तीन दिसंबर तक अनुमति बढ़ाने की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद भी बैलून राइडिंग नहीं हो सकी। लगातार तीन दिन तक कोहरा छाया रहने के कारण बैलून फेस्टिवल में नौ में से पांच दिन ही लोग राइडिंग का लुत्फ उठा सके। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण बैलून फेस्टिवल की तिथि बढ़ने के बाद भी बैलून राइडिंग नहीं हो सकी। इसमें हादसा होने का खतरा था। लोगों का अच्छा रेस्पांस मिला।